हरिद्वार: महाकुंभ मेले के शाही स्नान पर सभी ट्रेन हरिद्वार ही आएंगी। किसी भी ट्रेन को ज्वालापुर, लक्सर या रुड़की स्टेशन पर नहीं रोका जाएगा। सोमवार को हरिद्वार पहुंचे उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के डीआरएम तरुण प्रकाश ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि शाही स्नान पर सभी ट्रेन हरिद्वार आएंगी, किसी भी ट्रेन को ज्वालापुर, लक्सर या रुड़की स्टेशन पर नहीं रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे पास अन्य स्टेशनों पर भीड़ मैनेजमेंट के इंतजाम नहीं हैं, जिसके चलते सभी ट्रेनों को हरिद्वार ही भेजा जाएगा। हालांकि कुछ ट्रेनों को ज्वालापुर रोका जाएगा, ताकि यात्री को आसपास के घाट पर स्नान करना है तो वह वहां उतर सकता है।

पहले लिया गया था ये फैसला
पहले रेलवे का फैसला था की हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर 11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक कोई भी ट्रेन नहीं रुकेगी। यह फैसला महाकुंभ में शाही स्नान के चलते किया गया था। महाकुंभ का पहला शाही स्नान 11 मार्च को हो चुका है। दूसरा शाही स्नान 12 अप्रैल को चैत्र अमावस्या और सोमवती अमावस्या को होगा। 14 अप्रैल को मेष संक्रांति पर शाही स्नान है। शाही स्नान के मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पहले यात्रियों को ज्वालापुर, रुड़की और लक्सर स्टेशन पर उतरना पड़ता लेकिन अब ऐसा नहीं है।