Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड: आज भी भारी बारिश का खतरा, देहरादून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, 98 सड़कें बंद

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है। देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश में भूस्खलन और भूधंसाव की घटनाएं भी बढ़ी हैं। सोमवार को एक राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्य राजमार्ग समेत कुल 98 सड़कें बंद रहीं, जिससे कई क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ।

देहरादून में देहरादून-मसूरी राज्य मोटर मार्ग भूधंसाव के कारण बंद हो गया है। जिले में कुल 10 सड़कें बाधित हैं। चमोली में सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग मलबा आने से बंद है, जबकि 25 ग्रामीण सड़कें भी ठप हैं।

इसके अलावा अल्मोड़ा में 7, बागेश्वर में 10, रुद्रप्रयाग में 7, पिथौरागढ़ में 14, नैनीताल में एक राज्य मार्ग और 5 ग्रामीण सड़कें, उत्तरकाशी में 2, चंपावत में 3 तथा टिहरी में 9 ग्रामीण सड़कें बंद होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने संबंधित विभागों को बंद मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं, जबकि यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News