Skip to main content

Nirbhik Nazar

राहुल गांधी की हिरासत और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में देहरादून में प्रदर्शन, कांग्रेसियों ने किया लोक भवन कूच

देहरादून। दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक भवन कूच किया। पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहली बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया और आगे बढ़ने की कोशिश की। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए छात्र आंदोलन पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। इसी के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने और विपक्ष को बोलने से रोकने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। वहीं, यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

पुलिस की ओर से स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। देर शाम तक प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News