Skip to main content

Nirbhik Nazar

आम महोत्सव में बोले सीएम धामी: किसान उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत, हरिद्वार बनेगा विकास की नई पहचान

देहरादून/हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में किसानों को उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि, बागवानी और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार विकास की नई पहचान बनेगा और आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को नई पहचान दिलाने के साथ स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों से संवाद करते हुए कहा कि हरिद्वार के आम स्वाद और गुणवत्ता के मामले में देश में अलग पहचान रखते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एप्पल मिशन के तहत किसानों को 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है। इसके अलावा कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट, सुगंधित एवं औषधीय पौधों तथा महक क्रांति जैसी योजनाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए हिमालय ब्रांड’ के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पादों को देश और विदेश में नई पहचान मिल रही है। बेहतर गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग के कारण स्थानीय उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले लागू कर नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इसी दिशा में शिक्षा व्यवस्था में भी सुधार किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सतत विकास, कृषि, बागवानी, पर्यटन, निवेश और खनन सहित अनेक क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए केंद्र सरकार ने राज्य को 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार को विकास की इस तेज रफ्तार यात्रा में और आगे बढ़ना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों का उत्साह बढ़ाने के साथ कृषि और बागवानी क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News