हरिद्वार: हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को “बीज संजीवनी अभियान” का शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री ने आम, जामुन, कटहल, नीम और बेल के बीज रोपित कर की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि फल खाने के बाद उनके बीजों को फेंकने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर रोपित करें, ताकि अधिक से अधिक वृक्ष विकसित हों और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि हरित उत्तराखंड के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान की शुरुआत हरिद्वार से की गई है और इसे पूरे प्रदेश में जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्राकृतिक रूप से अधिक पौधे विकसित होंगे, जिससे हरित हरिद्वार अभियान को नई गति मिलेगी तथा जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक बीज रोपित कर उत्तराखंड को हराभरा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से संचालित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी जनआंदोलन बनेगा।