Skip to main content

Nirbhik Nazar

निर्माण श्रमिकों के लिए बड़ी सौगात, धामी सरकार ने शुरू कीं नई कल्याणकारी योजनाएं, दो मोबाइल मेडिकल वैन को दिखाई हरी झंडी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत दो अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता, मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के तहत बच्चों को अध्ययन सामग्री तथा मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के जरिए श्रमिक परिवारों को स्वच्छता किट उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के तहत हर वर्ष 210 श्रमिक परिवारों के बच्चों को आवासीय सुविधा के साथ निशुल्क योग एवं वेलनेस प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन श्रमिकों के कार्यस्थल और आवास तक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इन वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांच निःशुल्क होगी तथा टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह भी मिलेगी। इस योजना की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की विकासशक्ति मानती है। सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिलाओं के मातृत्व सहयोग, बेटियों के विवाह, आवास, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन और वृद्ध श्रमिकों के लिए पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में समय-समय पर अपना पंजीकरण नवीनीकृत कराने की अपील की, ताकि वे सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, श्रमायुक्त पी.सी. दुम्का सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News