Skip to main content

Nirbhik Nazar

मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें न्यायिक अवसंरचना के आधुनिकीकरण के साथ धार्मिक स्थलों के विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय में अत्याधुनिक पेपरलेस स्मार्ट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बोर्डरूम की स्थापना के लिए 1.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इससे न्यायिक कार्यों में तकनीक का उपयोग बढ़ेगा और कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी।

धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के तहत अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर स्थित गोपेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण, घाट निर्माण और सुरक्षा चेक डैम के लिए 98.25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम किश्त के रूप में 58.95 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।

इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता में नवनिर्मित दुर्गा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 56.51 लाख रुपये तथा उत्तरकाशी जिले के पुरोला क्षेत्र में श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समतलीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए 1.09 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट क्षेत्र में बटकेश्वर मंदिर एवं तीर्थ स्थल के विकास के लिए 63.39 लाख रुपये तथा रुद्रप्रयाग जिले के द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर धाम के विकास कार्यों के लिए 54.81 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News