Skip to main content

Nirbhik Nazar

पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री धामी समेत पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हीरा सिंह बिष्ट का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवक आश्रम रोड स्थित उनके आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का जनसेवा और लोककल्याण के प्रति योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

बताया गया कि सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति और कांग्रेस संगठन में शोक की लहर है।

हीरा सिंह बिष्ट को श्रमिकों और मलिन बस्तियों के लोगों की आवाज़ के रूप में जाना जाता था। उन्होंने लंबे समय तक श्रमिक हितों के लिए संघर्ष किया और उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वे परिवहन, श्रम और तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री भी रहे तथा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उनके निधन को प्रदेश और कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। वहीं, कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सरल, मिलनसार और जनप्रिय नेता के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News