Skip to main content

Nirbhik Nazar

परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि बढ़कर 2 करोड़, CM धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं को दी  ₹62 करोड़ से अधिक की मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने परमवीर चक्र से सम्मानित वीर सैनिकों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार वीर सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 62 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां भी प्रदान की हैं। देहरादून के टपकेश्वर महादेव क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र के लिए भूमि क्रय हेतु 6.62 करोड़ रुपये तथा नाबार्ड वित्तपोषित 21 विकास योजनाओं के लिए 41.37 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

हरिद्वार महाकुंभ-2027 की तैयारियों के तहत बैरिकेडिंग, फायर वॉच टावर और अन्य व्यवस्थाओं के लिए 5.46 करोड़ रुपये तथा अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण के लिए 6.85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

अल्मोड़ा, द्वाराहाट, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में मंदिरों के सौंदर्यीकरण, धर्मशाला निर्माण और डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क के विकास सहित विभिन्न कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति के लिए 36.84 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों के वाइब्रेंट विलेज में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए थाना दिवस और रात्रि चौपाल कार्यक्रम संचालित करने को भी मंजूरी दी है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कानून-व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन, साइबर जागरूकता और पुलिस से संबंधित शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News