Skip to main content

Nirbhik Nazar

मुख्यमंत्री ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन समस्याओं के निस्तारण में तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और लोगों को समय पर राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा।

इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर इस वर्ष की केदारनाथ एवं चारधाम यात्रा के सफल संचालन तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं पर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सतत निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा का लाभ मिला है।

वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय रोजगार, पर्यटन और आजीविका के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News