Skip to main content

Nirbhik Nazar

एनडीआरएफ गदरपुर बटालियन पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, आपदा प्रबंधन तैयारियों का लिया जायजा

गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर-रुद्रपुर दौरे के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बटालियन, गदरपुर का भ्रमण कर आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एनडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों से संवाद कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों और प्रशिक्षण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। ऐसे में एनडीआरएफ की भूमिका जनजीवन की सुरक्षा और आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों के साहस, समर्पण तथा सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी जवान पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ मानव जीवन की रक्षा के लिए कार्य करते हैं। उनका अनुशासन और दक्षता पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ परिसर में पौधरोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नियमित प्रशिक्षण और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता दी जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, कमांडेंट संतोष कुमार सहित एनडीआरएफ के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News