Skip to main content

Nirbhik Nazar

राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ समारोह में उत्तराखंड की गर्विता भाकुनी करेंगी प्रतिनिधित्व

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम’ रिसेप्शन के लिए उत्तराखंड की गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। अल्मोड़ा निवासी गर्विता देशभर से चुने गए पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स में शामिल हैं और इस समारोह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

गर्विता भाकुनी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। उनके साथ कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड से भी एक-एक कैडेट का चयन किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवा किसी भी आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखंड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इनमें से लगभग 2,700 युवाओं को खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

गर्विता भाकुनी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र के रूप में मिला प्रशिक्षण उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है और वह भविष्य में भी आपदा प्रबंधन एवं जनसेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा से कार्य करती रहेंगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News