Skip to main content

Nirbhik Nazar

सावन का पहला सोमवार:  कांवड़ यात्रा के बीच शिवालयों में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें, दक्षेश्वर महादेव में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

हरिद्वार। सावन के पहले सोमवार पर धर्मनगरी हरिद्वार शिवभक्ति में सराबोर नजर आई। कनखल स्थित प्राचीन दक्षेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। कांवड़ यात्रा के चलते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर भक्तों की भारी भीड़ रही।

दक्षेश्वर महादेव मंदिर के साथ-साथ तिल भांडेश्वर, बिल्केश्वर और नीलेश्वर महादेव सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, फल और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

दक्षेश्वर महादेव मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि राजा दक्ष प्रजापति के यज्ञ, माता सती के आत्मदाह और भगवान शिव के रौद्र रूप से जुड़ी यह पवित्र स्थली सावन माह में विशेष फलदायी मानी जाती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार राजा दक्ष के आग्रह पर भगवान शिव सावन मास में कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव में विराजमान होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। सावन के पहले सोमवार पर उमड़ी श्रद्धा और आस्था ने एक बार फिर हरिद्वार को शिवमय बना दिया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News