Skip to main content

Nirbhik Nazar

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने आयुष मंत्रालय के सचिव से की मुलाकात, एआईआईए स्थापना का किया आग्रह

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने नई दिल्ली में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सचिव से मुलाकात कर ऊधम सिंह नगर में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) की स्थापना का मजबूत पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने संस्थान के लिए सभी मानकों के अनुरूप विवाद रहित भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव पहले ही केंद्र को भेज दिया है।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है तथा ऋषिकेश विश्व की योग राजधानी के रूप में प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्क सुविधाओं से जुड़ा है और भविष्य में विकसित होने वाले एम्स सैटेलाइट सेंटर के निकट होने से यह समेकित चिकित्सा का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार भूमि, सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्य सचिव ने आयुष मंत्रालय से उत्तराखंड के प्रस्ताव को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।

मुख्य सचिव ने विश्वास जताया कि एआईआईए की स्थापना से उत्तराखंड में आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान, उपचार और चिकित्सा पर्यटन को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं का अग्रणी केंद्र बनकर उभरेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News