Skip to main content

Nirbhik Nazar

गौलापार क्रीड़ा विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की मुख्यमंत्री धामी ने की समीक्षा, कहा – गुणवत्ता से समझौता नहीं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। खेल विभाग की ओर से विश्वविद्यालय परिसर में विकसित की जा रही खेल सुविधाओं, शैक्षणिक भवनों, प्रशिक्षण केंद्रों, छात्रावासों, खेल विज्ञान केंद्र और अनुसंधान सुविधाओं की प्रगति की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा विश्वविद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण संस्थान होगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और दीर्घकालिक योजना के अनुरूप किया जाए। यहां आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान, इनडोर और आउटडोर खेल परिसर, खेल विज्ञान एवं खेल चिकित्सा सुविधाएं, उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्र तथा खेल अनुसंधान की उन्नत व्यवस्था विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को खेल उत्कृष्टता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। क्रीड़ा विश्वविद्यालय के माध्यम से राज्य के युवाओं को खेल शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान से लेकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने तक लगातार काम कर रही है। जिला और विकासखंड स्तर तक खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विश्वविद्यालय परियोजना की नियमित समीक्षा करने, तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News