देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, सिंचाई, रोजगार, स्थानांतरण और स्थानीय विकास से जुड़े मामले मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को एक-एक कर सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। शासन स्तर से निर्णय की आवश्यकता वाले मामलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलता है और लंबित मामलों के समाधान का रास्ता भी खुलता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं से जुड़े मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमों के अनुरूप समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक तक सुशासन का लाभ पहुंचाना है और योजनाओं का लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. काण्डपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।