Skip to main content

Nirbhik Nazar

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए 74 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास और आपदा से जुड़े कार्यों के लिए करीब 74 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें आधारभूत सुविधाओं के विकास, आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों की मरम्मत, बाढ़ सुरक्षा, क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण, हेलीपैड निर्माण और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य शामिल हैं।

बागेश्वर जिले के बेड़ा-मझड़ा (करीमपुर) में हेलीपैड निर्माण के लिए 8.91 करोड़ रुपये तथा गंगोत्री धाम में सीवर लाइन और छूटे हुए घरों व सार्वजनिक शौचालयों से संबंधित कार्यों के लिए 4.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अभियोजन कार्यालय में अभियोजन अधिष्ठान के अंतर्गत अवशेष कार्यों के लिए 8.89 करोड़ रुपये की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है।

आपदा के कारण क्षतिग्रस्त विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं की मरम्मत और शिक्षण कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों को 15 करोड़ और प्रारंभिक शिक्षा के विद्यालयों को 15 करोड़ रुपये, यानी कुल 30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा आठ जिलों में राहत एवं बचाव, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण तथा तैयारी एवं क्षमता निर्माण के लिए 1.08 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उधमसिंहनगर के खटीमा क्षेत्र के सात गांवों में आवासीय भवनों को नदी-नालों की बाढ़ से सुरक्षा देने के लिए 4.01 करोड़ रुपये और भारत-नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी के दाएं किनारे स्थित सिसैया, मेलाघाट तथा एसएसबी कैंप कार्यालय की बाढ़ सुरक्षा के लिए 4.62 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

चमोली जिले में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों को खोलने और मलबा हटाने के लिए इस्तेमाल की गई जेसीबी और पॉकलैंड मशीनों के लंबित भुगतान के लिए 3.18 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं हरबर्टपुर नगर पालिका क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट परियोजना के लिए 3.27 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के रख-रखाव के लिए 2 करोड़ रुपये, उपग्रह फोन के रिचार्ज के लिए 1.90 करोड़ रुपये, विभिन्न उपकरणों के रख-रखाव और विशेषज्ञों के मानदेय के लिए 40 लाख रुपये, मॉक अभ्यासों के लिए 60 लाख रुपये तथा आपदा प्राधिकरण में तैनात कर्मचारियों के मानदेय के लिए 18 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

चौबट्टाखाल में मोटर मार्ग का नाम शहीद मंदीप सिंह नेगी के नाम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत चलकुडिया-मसमोली-नौखोली मोटर मार्ग का नाम शहीद मंदीप सिंह नेगी मोटर मार्ग किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है। सरकार के इस निर्णय से शहीद मंदीप सिंह नेगी की स्मृति को सम्मान मिलेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News