Skip to main content

Nirbhik Nazar

टीएचडीसी टनल हादसे का CM धामी ने भीतर से लिया जायजा, अधिकारियों को निर्देश- शेष तीन लोगों को निकालने के भी हरसंभव प्रयास करें

पीपलकोटी। मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बचाव दलों और अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी भी ली।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की करीब तीन किलोमीटर लंबी टीआरटी टनल के लगभग डेढ़ किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से हादसा हुआ था। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, पुलिस सहित सभी बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को अब तक हुए रेस्क्यू अभियान और मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि तीन लोगों की तलाश अभी जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मृत्यु की सूचना है।

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीमें घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान के साथ घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों की सहायता में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने बचाव दलों के साथ लगातार समन्वय बनाकर अभियान को पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बचाव कार्यों में जुटे कार्मिक मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News