Skip to main content

Nirbhik Nazar

पीपलकोटी टनल हादसा: घायल श्रमिकों से मिले CM धामी, जिला अस्पताल में जाना कुशलक्षेम

गोपेश्वर। मायापुर, पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

मुख्यमंत्री ने घायल श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए और उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।

उन्होंने कहा कि घायलों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान सरकार के लिए बेहद कीमती है। श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत एवं बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी और सभी संबंधित एजेंसियां पूरी गंभीरता के साथ अभियान में जुटी हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं बातचीत की है। साथ ही टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News