Skip to main content

Nirbhik Nazar

हरिद्वार: CM ने किया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग, ‘शुद्धिकरण’ मामले पर कांग्रेस को घेरा

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, मंत्री प्रदीप बत्रा, मंत्री मदन कौशिक और महापौर किरण जैसल सहित बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान विभाजन की त्रासदी में शहीद हुए भारतीयों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं।

‘शुद्धिकरण’ मामले पर कांग्रेस पर निशाना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित तौर पर मैदान के ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता के लिए ‘विक्टिम कार्ड’ खेल रही है और उसका यह प्रचार ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश के सम्मानित नेताओं में से एक हैं और उत्तराखंड में उनके अपमान के बारे में कोई सोच भी नहीं सकता। उन्होंने कांग्रेस पर इस मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाते हुए कहा कि दलित कार्ड खेलकर किए जा रहे प्रयासों को उत्तराखंड और देश की जनता समझ रही है।

धामी ने कांग्रेस के पुराने राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबू जगजीवन राम और सीताराम केसरी जैसे अपने ही नेताओं के साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर को लंबे समय तक उचित सम्मान नहीं दिया।

एक मंच पर नजर आए धामी और त्रिवेंद्र

हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत एक साथ मंच पर नजर आए। दोनों नेताओं ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेशभर से आए पदाधिकारी और पंजाबी समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News