हल्द्वानी/चोरगलिया, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जनपद के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
शेर नाला बरसात के मौसम में उफान पर आने के कारण क्षेत्रीय लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी होती थी। नाला उफान पर आने से कई बार यातायात बाधित होता था और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
नवनिर्मित सेतु के शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों ने सेतु के निर्माण और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।