Skip to main content

Nirbhik Nazar

पीपलकोटी टनल हादसे मे घायल श्रमिकों से मिले मंत्री मदन कौशिक, कहा – इलाज में नहीं होगी कोई कमी

चमोली/गोपेश्वर। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे में घायल श्रमिकों के उपचार को लेकर सरकार ने निगरानी बढ़ा दी है। शनिवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और हादसे में घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने श्रमिकों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि घायल श्रमिकों के उपचार में किसी भी स्तर पर कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला अस्पताल में 11 श्रमिक भर्ती

मदन कौशिक ने बताया कि जिला अस्पताल गोपेश्वर में फिलहाल 11 श्रमिक उपचाराधीन हैं। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। उन्होंने चिकित्सकों से प्रत्येक घायल की स्वास्थ्य स्थिति और अब तक दिए गए उपचार की जानकारी भी ली।

उन्होंने कहा कि हादसे में घायल प्रत्येक श्रमिक के स्वास्थ्य को सरकार गंभीरता से ले रही है। उपचार के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर श्रमिकों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

चिकित्सकों को दिए आवश्यक निर्देश

कैबिनेट मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखने और उपचार के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता घायल श्रमिकों को जल्द स्वस्थ कर सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाना है।

टनल हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ अब घायलों के उपचार पर भी प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। जिला अस्पताल में भर्ती श्रमिकों की चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है।

इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News