Skip to main content

Nirbhik Nazar

भाजपा कार्यालय में ‘अपनों’ ने ही खोला मोर्चा, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के सामने रखीं शिकायतें

देहरादून। भाजपा कार्यालय में रविवार को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं और बीरोंखाल क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान चौबट्टाखाल विधायक और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी कार्यालय में मौजूद थे। लोगों ने सीधे उनके सामने क्षेत्र में विकास कार्यों, कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतें रखीं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में विकास कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो रहे हैं। कुछ मामलों में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें भी सामने आई हैं। उनका कहना है कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

बीरोंखाल क्षेत्र से पहुंचे एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों से जुड़े कई गंभीर मामले हैं। उन्होंने बताया कि इन मामलों को लेकर मुख्यमंत्री और विधायक सतपाल महाराज के सामने भी शिकायत रखी जा चुकी है। इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

स्थानीय लोगों ने कहा कि उनकी मांग किसी राजनीतिक विरोध से जुड़ी नहीं है, बल्कि क्षेत्र में विकास कार्यों में पारदर्शिता और समस्याओं के समाधान की है। उन्होंने शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की।

भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बाद कुछ देर के लिए असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। महाराज ने पूरे मामले को आपसी समन्वय की कमी से जुड़ा बताया और कार्यकर्ताओं को उनकी मांगों पर आगे आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News