चमोली। ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद तेज बहाव और मलबे की चपेट में आए सीमा सड़क संगठन के हवलदार पंकज की तलाश में युद्धस्तर पर रेस्क्यू एवं सर्च अभियान जारी है। जिला प्रशासन के निर्देशन में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमें अभियान में जुटी हैं।
लापता हवलदार पंकज की तलाश में नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं, नदी के किनारों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की जा रही है। अभियान में तीन एक्सकेवेटर, सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई के 50 से अधिक जवान, गढ़वाल राइफल्स के जवान, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। प्रशिक्षित खोजी कुत्तों और ड्रोन की मदद से भी दुर्गम क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।
भारी बोल्डरों और मलबे को एक्सकेवेटर की मदद से हटाकर उनके नीचे और आसपास संभावित स्थानों की जांच की जा रही है। वहीं ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) समेत अत्याधुनिक खोज एवं पहचान उपकरणों का इस्तेमाल कर उन स्थानों की भी गहन जांच की जा रही है, जहां मलबे के नीचे किसी व्यक्ति के होने की संभावना हो सकती है।
रेस्क्यू टीमों ने तमक नाले से आगे नदी के किनारों तक सर्च अभियान का दायरा बढ़ा दिया है। दोनों ओर व्यवस्थित तरीके से खोजबीन की जा रही है और संभावित सभी स्थानों को चिन्हित कर क्रमवार जांच की जा रही है, ताकि कोई भी स्थान अभियान से छूट न जाए।
जिला प्रशासन पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है। मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ ही सर्च अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता हवलदार पंकज की जल्द से जल्द तलाश करना है। तमक नाले से लेकर नदी के किनारों तक लगातार सघन खोजबीन जारी है।