Skip to main content

Nirbhik Nazar

CM के आह्वान पर ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स, 35 हजार से ज्यादा निबंध अपलोड, 24 अगस्त अंतिम तिथि

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब तक प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड किए हैं।

बीती 10 अगस्त को मुख्यमंत्री धामी ने कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार निबंध के माध्यम से साझा करने का आह्वान किया था।

अभियान के तहत विद्यार्थियों को पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी समेत विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि विद्यार्थियों के श्रेष्ठ विचारों को राज्य की नीतियों में शामिल करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

अभियान में 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाना है। चयनित विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री और शासन के सचिवों के साथ विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों को करियर और परीक्षा की तैयारी में छात्रवृत्ति सहित अन्य पुरस्कार दिए जाने की घोषणा भी की गई है।

अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों में अभियान को लेकर खासा उत्साह है। निबंध अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिया जा रहा है, जिससे उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि 24 अगस्त निबंध अपलोड करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं अभियान की निगरानी कर रहे हैं और इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News