हरिद्वार: कुंभ मेले में हुए कार्यों में घोटाले का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। कनखल के बंगाली मोड़ पर कांग्रेसियों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान आयोजित सभा में महापौर के पति और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि कुंभ घोटालों की भेंट चढ़ गया है। कहा कि प्रदेश सरकार और अधिकारी बंदरबांट में लगे हुए हैं। कुंभ मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संत महात्मा धर्मनगरी पहुंच रहे हैं, लेकिन व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है।

सरकार और प्रशासन भव्य और दिव्य कुंभ आयोजित करने का दावा कर रहा है, लेकिन कहीं भी भव्य और दिव्य जैसा कुछ नहीं है। बंगाली मोड़ पर बने शौचालय की सफाई नहीं की जा रही। देश भर से आए संत महापुरुषों के सान्निध्य में पूरे कुंभ मेला क्षेत्र में धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, लेकिन पूरे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा हुई है। चारों और गंदगी के ढेर लगे हैं। निगम के सफाईकर्मी मेले में तैनात कर दिए गए हैं, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। न तो कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है, न ही डोर टू डोर कूड़ा उठाया जा रहा है। स्थानीय लोग महापौर और पार्षदों को कोस रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। सरकार के इशारे पर काम कर रहे अधिकारी कुछ सुनने को तैयार नहीं है। शहर की प्रथम महिला महापौर को विफल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।