Skip to main content

Nirbhik Nazar

चीनी की बढ़ती कीमत और ई-20 पेट्रोल के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, देहरादून में केंद्र सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता

देहरादून। चीनी की बढ़ती कीमतों और ई-20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने शनिवार को देहरादून में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने ईस्ट कैनाल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि करीब एक महीने पहले 44 से 45 रुपये किलो मिलने वाली चीनी अब 65 से 66 रुपये किलो तक पहुंच गई है। कांग्रेस ने चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए इथेनॉल मिश्रण की नीति को भी जिम्मेदार ठहराया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ई-20 पेट्रोल को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पार्टी का आरोप है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और कई वाहनों में खराबी की शिकायतें सामने आई हैं।

कांग्रेस ने पेट्रोल की कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद आम उपभोक्ताओं को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देहरादून का प्रदर्शन प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत है। आने वाले दिनों में चीनी की बढ़ती कीमतों और ई-20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों और शहरों में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News