Skip to main content

Nirbhik Nazar

प्राइम लोकेशन वाली सरकारी संपत्तियों पर निजी निवेश की तैयारी, होटल और गेस्ट हाउस होंगे विकसित

देहरादून। उत्तराखंड सरकार प्राइम लोकेशन पर मौजूद सरकारी संपत्तियों को निजी भागीदारी के जरिए विकसित करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत हरिद्वार के होटल अलकनंदा और ऋषिकेश स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस को आधुनिक होटल के रूप में विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है।

हरिद्वार स्थित होटल अलकनंदा को सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत विकसित करने की तैयारी है। सरकार का मानना है कि प्राइम लोकेशन पर स्थित इस संपत्ति की व्यावसायिक क्षमता का बेहतर उपयोग कर पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ राजस्व भी बढ़ाया जा सकता है।

ऋषिकेश के लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस को भी निजी भागीदारी के तहत चार सितारा या उससे उच्च श्रेणी के होटल में विकसित करने का प्रस्ताव है। यहां कम से कम 100 कमरों वाला होटल तैयार करने और 100 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की संभावना जताई गई है।

सरकार ने ऐसे पांच गेस्ट हाउस को निजी भागीदारी के लिए पहले ही मंजूरी दी है। इनमें ऋषिकेश, उत्तरकाशी, डूंगलबीटा, रानीखेत और हर्षिल के गेस्ट हाउस शामिल हैं। इसके अलावा करीब 12 अन्य गेस्ट हाउस भी चिन्हित किए गए हैं, जहां कम राजस्व और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए निजी निवेश की योजना है।

सरकार की योजना निजी क्षेत्र की विशेषज्ञता और निवेश के जरिए इन संपत्तियों को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं में बदलने की है। फिलहाल निजी भागीदारों के चयन, पात्रता और निवेश से जुड़े ढांचे को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है।

इसके अलावा चकराता, रामगढ़, चंपावत और पिथौरागढ़ में बड़े और उच्च श्रेणी के होटल विकसित करने की भी योजना है। इसके लिए उत्तराखंड निवेश एवं अवस्थापना विकास बोर्ड की ओर से कार्ययोजना तैयार की जा रही है। सरकार का लक्ष्य निजी निवेश के माध्यम से पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ राज्य के राजस्व में भी वृद्धि करना है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News