Skip to main content

Nirbhik Nazar

संत समाज का मार्गदर्शन धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा : धामी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री ब्रह्म निवास आश्रम, सप्तसरोवर रोड, भूपतवाला में सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने सतगुरु लाल दास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को सेवा, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और लोगों को जोड़ने का कार्य किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज ने हमेशा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संतों और आचार्यों का मार्गदर्शन समाज को धर्म और संस्कृति के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि देश में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का दौर चल रहा है। अयोध्या में राम मंदिर, काशी और उज्जैन में धार्मिक कॉरिडोर के साथ उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के विकास पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया गया है और मंदिर माला मिशन के तहत विभिन्न मंदिरों के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इससे दुर्गम तीर्थस्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी और बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश कॉरिडोर और आस्था पथ समेत विभिन्न परियोजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्रता, मूल स्वरूप और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ देवभूमि की संस्कृति और सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में हिंदू अध्ययन केंद्र के माध्यम से धर्म, संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान और शोध को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म, विकास, नवाचार और ज्ञान के क्षेत्र में उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News