Skip to main content

Nirbhik Nazar

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में 2.67 लाख विद्यार्थियों ने साझा किया अपना विजन, CM से संवाद करेंगे चयनित छात्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेश के विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिला है। कक्षा 11वीं और 12वीं के 2,67,744 विद्यार्थियों ने उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपने विचार और सुझाव निबंध के माध्यम से साझा किए हैं।

अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक समेत आठ प्रमुख विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री धामी ने 10 अगस्त को आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से 24 अगस्त तक अपने विचार पोर्टल पर साझा करने का आह्वान किया था।

प्रदेश में कक्षा 11वीं और 12वीं में कुल 2,96,426 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अभियान में भाग लेकर उत्तराखंड के विकास को लेकर अपनी सोच और सुझाव सामने रखे।

पांच जिलों में शत-प्रतिशत भागीदारी

रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और चमोली में कक्षा 11वीं और 12वीं के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड किए। पौड़ी में 98.82 प्रतिशत, अल्मोड़ा में 97.46 प्रतिशत, हरिद्वार में 91.77 प्रतिशत और टिहरी में 91.57 प्रतिशत विद्यार्थियों ने भागीदारी की।

देहरादून में कुल 63,666 विद्यार्थियों में से 47,358 विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा किए।

140 श्रेष्ठ विचारों का होगा चयन

प्राप्त निबंधों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विशेषज्ञों की टीम द्वारा मूल्यांकन किया जा रहा है। 16 सितंबर को श्रेष्ठ विचारों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। अभियान के तहत कुल 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन होगा।

चयनित विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री धामी स्वयं भी इन विद्यार्थियों से संवाद कर उनके सुझाव और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी सोच जानेंगे।

विद्यार्थियों को मिलेगा डिजिटल प्रमाण पत्र

अभियान में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल प्रमाण पत्र दिया गया है। श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग समेत अन्य प्रोत्साहन और पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यार्थियों के विचार आज के उत्तराखंड को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि युवा जिस उत्तराखंड का सपना देख रहे हैं, उसे साकार करने में उन्हें भी सहभागी बनाया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News