Skip to main content

Nirbhik Nazar

24 होम्योपैथिक चिकित्साधिकारियों की नियुक्ति का मामला, भाजपा विधायकों ने सीएम धामी से लगाई गुहार

देहरादून। उत्तराखंड में चयनित 24 होम्योपैथिक चिकित्साधिकारियों की नियुक्ति का मामला अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंच गया है। भाजपा के सात विधायकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति देने की मांग की है।

दरअसल, उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने वर्ष 2022 में होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी के 24 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। लंबी प्रक्रिया के बाद जुलाई 2025 में साक्षात्कार हुए और 25 नवंबर 2025 को 24 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया। हालांकि चयन के बाद भी अब तक नियुक्तियां नहीं हो पाई हैं।

भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठने के बाद शासन ने 13 अप्रैल 2026 को विभागीय जांच के आदेश दिए थे। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट मुख्यमंत्री के पास भेजी गई है। अब मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद नियुक्ति को लेकर फैसला होने की उम्मीद है।

सात भाजपा विधायकों ने लिखा पत्र

चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग को लेकर धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।

विधायकों ने पत्र में कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्तियां लंबित हैं, जबकि इसी चयन बोर्ड से चयनित एलोपैथिक चिकित्साधिकारियों को नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं को देखते हुए 24 चयनित चिकित्साधिकारियों को जल्द नियुक्ति देने की मांग की।

भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों के अनुरोध पर उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। सरकार इस मामले का परीक्षण कर रही है और सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।

वहीं, होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं के मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि नियुक्ति में कुछ दिक्कतें थीं, जिन्हें दूर कर लिया गया है। जल्द ही चयनित चिकित्साधिकारियों की नियुक्ति कर दी जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News