Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड: डिजिटल मीडिया की विज्ञापन दरें बढ़ाने की मांग, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने डीजी सूचना से की मुलाकात

देहरादून। उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने डिजिटल मीडिया संस्थानों के लिए विज्ञापन दरों में बढ़ोतरी की मांग उठाई है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर न्यूज पोर्टल और वेबसाइटों को मिलने वाली विज्ञापन राशि को वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप बढ़ाने का अनुरोध किया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डिजिटल मीडिया का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सर्वर, तकनीकी रखरखाव, स्टाफ, समाचार संकलन, वीडियो निर्माण और वेबसाइट संचालन की लागत भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वर्तमान विज्ञापन दरें व्यावहारिक नहीं रह गई हैं।

यूनियन ने सूचना विभाग में सूचीबद्ध न्यूज पोर्टल और वेबसाइटों के बैनर तथा वीडियो विज्ञापनों की दरों पर पुनर्विचार की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि डिजिटल मीडिया सरकार की योजनाओं और जनहित से जुड़ी सूचनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसलिए सूचीबद्ध पोर्टलों को सम्मानजनक विज्ञापन राशि मिलनी चाहिए, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत होकर गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता जारी रख सकें।

पत्रकार हितों की अनदेखी नहीं होगी : बंशीधर तिवारी

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पत्रकारों और मीडिया संस्थानों के हितों को लेकर सरकार और सूचना विभाग गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया आज समाचार और जनहितकारी सूचनाओं का प्रभावी माध्यम बन चुका है। विज्ञापन दरों में संशोधन से जुड़ी मांग का विभागीय स्तर पर नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकार हितों का किसी भी स्तर पर अहित नहीं होने दिया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News