Skip to main content

Nirbhik Nazar

रक्षा बंधन पर प्रदेशभर की बहनों ने मुख्यमंत्री धामी को बांधा रक्षा सूत्र, सीएम ने जताया आभार

देहरादून: रक्षा बंधन के अवसर पर प्रदेशभर से आई बहनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनका आभार जताया और प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। मातृशक्ति और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उन्हें उत्तराखंड की सेवा और प्रदेश के विकास के लिए नई ऊर्जा देता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही हैं। उत्तराखंड में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है, जबकि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 3 लाख 9 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पाद, कृषि, हस्तशिल्प और स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सशक्त बहना उत्सव, महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण और महालक्ष्मी योजना जैसी योजनाओं के जरिए मातृशक्ति के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की भागीदारी से ही सशक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News