Skip to main content

Nirbhik Nazar

आपदा सुरक्षित उत्तराखंड के लिए विश्व बैंक जारी रखेगा सहयोग, यूएसडीएमए के प्रयासों की सराहना की

देहरादून: विश्व बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य ज्ञान अधिकारी पास्कल डोनोहोई ने कहा कि उत्तराखंड आपदाओं की दृष्टि से बेहद संवेदनशील राज्य है और आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए राज्य में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। आपदा सुरक्षित उत्तराखंड के निर्माण के लिए विश्व बैंक आगे भी अपना पूरा सहयोग जारी रखेगा।

विश्व बैंक की उच्चस्तरीय टीम ने बुधवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का भ्रमण किया। टीम ने विश्व बैंक के सहयोग से संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की और आपदा प्रबंधन एवं जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

पास्कल डोनोहोई ने उत्तराखंड में भूस्खलन न्यूनीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों, आधुनिक तकनीकों और जोखिम कम करने के उपायों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अध्ययन और मजबूत संस्थागत क्षमता का लगातार विकास जरूरी है।

टीम ने यू-प्रिपेयर परियोजना के तहत अत्याधुनिक भूकंपरोधी और आधार पृथक्करण तकनीक से निर्मित यूएसडीएमए भवन का भी निरीक्षण किया। विश्व बैंक की टीम ने भवन में अपनाई गई आधुनिक तकनीक और आपदा प्रतिरोधी निर्माण की सराहना की।

बैठक में बताया गया कि विश्व बैंक के सहयोग से उत्तराखंड में 36 पुलों का निर्माण, आपदा आश्रयों का निर्माण, अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद और ढलान स्थिरीकरण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य की आपदा से निपटने की क्षमता को मजबूत किया जा रहा है।

विश्व बैंक की टीम ने यूएसडीएमए के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी वित्तीय सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। अधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और आपदा संवेदनशील राज्य में सुरक्षित बुनियादी ढांचे और प्रभावी आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता दी जा रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News