देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त किए बिना समृद्ध उत्तराखंड की कल्पना पूरी नहीं हो सकती। महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, अटूट स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। यह पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, स्नेह, विश्वास और समर्पण का पर्व है। यह भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देता है।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि अपनों के प्यार, विश्वास और सुरक्षा का पवित्र वचन है।