Skip to main content

Nirbhik Nazar

विदेशों में रोजगार के लिए उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगा कौशल और भाषा प्रशिक्षण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विदेशों में जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की मांग अधिक है, उसकी जानकारी संबंधित भारतीय मिशनों से लेकर युवाओं को उसी के अनुरूप कौशल और भाषा प्रशिक्षण दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा से मुलाकात की। इस दौरान तीनों देशों में रोजगार की संभावनाओं और कुशल मानव संसाधन की जरूरतों पर चर्चा हुई।

जाम्बिया में शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बताई गईं, जबकि जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा, कृषि और विशेष रूप से नर्सिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की मांग है। वहीं इथियोपिया में प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मास्युटिकल और पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देकर उन्हें विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है। इसके लिए अधिकारियों को विभिन्न देशों की मांग का आकलन कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के होम स्टे, औषधि उद्योग, उद्योग, आयुर्वेद और स्वास्थ्य एवं कल्याण के क्षेत्र में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संभावनाओं को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ने के लिए भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय किया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News