बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बनबसा में युवा संवाद कार्यक्रम के बाद प्रबुद्धजनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के दर्पण होते हैं और उनके विचार एवं सुझाव समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अभियान जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। टनकपुर में आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम को वर्षभर श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने की दिशा में स्थायी प्रकाश व्यवस्था, रोपवे और हेलीपैड जैसी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा के चलते टनकपुर को पर्यटन और तीर्थाटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में पार्किंग, एपीजे अब्दुल कलाम संस्थान और अत्याधुनिक विज्ञान केंद्र सहित कई विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सतत विकास, कानून-व्यवस्था, निवेश और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। राज्य की सकल घरेलू उत्पाद पिछले पांच वर्षों में दोगुनी हुई है।
कार्यक्रम में प्रबुद्धजनों और पूर्व सैनिकों ने चम्पावत में हो रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं, बनबसा की प्रथम महिला ग्राम प्रधान और दिव्यांग कमला देवी को देखकर मुख्यमंत्री स्वयं उनके पास पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार की कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सराहना की।