Skip to main content

Nirbhik Nazar

खटीमा में युवाओं से मुख्यमंत्री धामी का सीधा संवाद, भ्रष्टाचार पर बोले- शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में आयोजित ‘युवा समसामयिक संवाद’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। विभिन्न विद्यालयों से आए करीब 360 विद्यार्थियों ने रोजगार, शिक्षा, पर्यटन, पर्यावरण, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री से बेबाक सवाल किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि कोई रिश्वत मांगता है या काम के लिए अनुचित दबाव बनाता है तो टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित माध्यम से शिकायत करें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए शिकायत पर त्वरित जांच और कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकल्प रहित संकल्प’ के साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है। उनका लक्ष्य है कि युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत न पड़े। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

सीमांत क्षेत्रों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हें देश का अंतिम छोर नहीं, बल्कि प्रथम गांव और प्रथम क्षेत्र मानकर विकास किया जा रहा है। बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर सरकार का विशेष ध्यान है।

पर्यटन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और हवाई संपर्क तथा होमस्टे सुविधाओं के विस्तार से उत्तराखंड में पर्यटन को नई गति मिली है। चंपावत, मुनस्यारी, कौसानी, बेरीनाग, चौकोड़ी, पंचाचूली और आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सालाना पर्यटकों की संख्या 7 से 8 करोड़ के पार पहुंच गई है।

विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा सबसे बड़ी धरोहर है और विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में 18 विद्यालयों के विद्यार्थियों के अलावा जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News