Skip to main content

Nirbhik Nazar

देहरादून में कांग्रेस की गुटबाजी फिर उजागर ? अपने ही नेता का पोस्टर फाड़ा !

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में गुटबाजी और आपसी खींचतान एक बार फिर सामने आई है। देहरादून के कौलागढ़ क्षेत्र में संकल्प यात्रा के दौरान स्थानीय नेताओं की कथित अनदेखी से नाराज कांग्रेस नेत्री एवं ओबीसी विभाग की राष्ट्रीय समन्वयक पिया थापा ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी का पोस्टर फाड़कर विरोध जताया।

बताया गया कि कौलागढ़ क्षेत्र में कांग्रेस की संकल्प यात्रा निकाली गई थी, जिसमें चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत भी शामिल हुए। पिया थापा का आरोप है कि उनके क्षेत्र में कार्यक्रम होने के बावजूद उन्हें यात्रा की जानकारी नहीं दी गई और न ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। स्थानीय कांग्रेस नेता एवं गोरखा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनिल बस्नेत को भी जानकारी नहीं दिए जाने की बात सामने आई है।

पिया थापा ने कांग्रेस भवन पहुंचकर महानगर अध्यक्ष के पोस्टर को फाड़ते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। इस घटना के बाद कांग्रेस संगठन के भीतर चल रही खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक हो गई है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सामने आई इस घटना ने पार्टी की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालांकि कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने मामले को ज्यादा तूल नहीं देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है और प्रदेश नेतृत्व एकजुट होकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े राजनीतिक संगठन में छोटे-मोटे मनमुटाव होना स्वाभाविक है। पार्टी मामले का संज्ञान लेकर यदि कोई समस्या होगी तो उसे दूर करने का प्रयास करेगी।

फिलहाल, अपने ही पार्टी नेता के पोस्टर फाड़े जाने की घटना ने कांग्रेस के भीतर चल रही नाराजगी और गुटीय राजनीति को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News