Skip to main content

Nirbhik Nazar

फ्लाइंग कार बनाने वाले युवा नवोन्मेषक रवि टमटा से मिले सीएम धामी, सरकारी मदद के निर्देश

देहरादून। फ्लाइंग कार बनाने वाले युवा नवोन्मेषक एवं स्टार्टअप उद्यमी रवि टमटा ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को फ्लाइंग कार के तकनीकी नवाचार, अब तक की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने रवि टमटा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और तकनीकी नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार ऐसे युवाओं को अपने नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सचिव उद्योग को रवि टमटा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टार्टअप एवं औद्योगिक नीतियों के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण करने और आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में उत्तराखंड के युवा तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और एयरोस्पेस जैसी आधुनिक तकनीकों में नवाचार रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य में नई तकनीकों के प्रयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। भविष्य में तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हालांकि, ऐसे प्रकल्पों में तकनीकी, सुरक्षा और नियामकीय मानकों का पालन आवश्यक होगा। मुख्यमंत्री ने रवि टमटा को उनके प्रकल्प के लिए शुभकामनाएं दीं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News