Skip to main content

Nirbhik Nazar

मुख्यमंत्री धामी ने वन-क्लिक से 9.91 लाख लाभार्थियों को जारी की 147 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन राशि वन-क्लिक के माध्यम से जारी की। इस दौरान 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई।

अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 3,945, विधवा पेंशन के 1,000, दिव्यांग पेंशन के 416, किसान पेंशन के 106, परित्यक्ता पेंशन के 23 और भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सरल और समयबद्ध तरीके से मिले।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।

प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि कुल पेंशन लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत और 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर पर आच्छादित हैं। अगस्त माह की पेंशन राशि में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पेंशन योजनाओं की व्यवस्था को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं लाभार्थी केंद्रित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News