Skip to main content

Nirbhik Nazar

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा, चुनावी रणनीति पर करेंगे मंथन

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन नौ सितंबर से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रदेश कार्यसमिति, प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठकों में शामिल होने के साथ पूर्व सैनिक सम्मेलन और सिख गौरव सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत की रणनीति तैयार करने में राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन निर्णायक होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में लगातार बैठकें कर रही है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि नौ सितंबर को हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित होटल विंटेज ग्रीन में कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर पार्टी नेताओं को मार्गदर्शन देंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

10 सितंबर को नितिन नबीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान से संबंधित बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसी दिन वह पूर्व सैनिक सम्मेलन और सिख गौरव सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड आना पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के कामों को आधार बनाकर भाजपा लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है और राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन इस रणनीति को और मजबूत करेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News