Skip to main content

Nirbhik Nazar

हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर गरजे गणेश गोदियाल, भाजपा सरकार पर लगाया गठजोड़ का आरोप

देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होना सरकार और संबंधित धार्मिक संगठन के बीच गठजोड़ की ओर इशारा करता है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि इस मामले की चर्चा राज्यसभा तक हो चुकी है। राज्यसभा के सभापति ने भी घटना पर दुख जताते हुए तथ्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की ओर से भी सरकार को इस मामले की याद दिलाई गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने कथित शुद्धिकरण की घटना को अंजाम दिया, उनसे अधिक जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान हुआ और सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े करता है।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सहित तीन प्रमुख मांगें उठाते हुए सात सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का आह्वान किया है।

गौरतलब है कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली आयोजित हुई थी। इसके बाद 11 अगस्त को कथित शुद्धिकरण की घटना सामने आई। कांग्रेस लगातार इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रही है और इसे लेकर प्रदेश से लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News