Skip to main content

Nirbhik Nazar

देहरादून: द्रोण वाटिका में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव, विधायक उमेश शर्मा और नगर आयुक्त आलोक पांडेय ने प्रोग्राम मे पहुँचकर बढ़ाई शोभा

देहरादून: द्रोण वाटिका कॉलोनी मैदान में कृष्ण चेतना मंच और द्रोण वाटिका सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे परिसर को फूलों, रोशनी और कृष्णमय सजावट से आकर्षक ढंग से सजाया गया। जय श्रीकृष्ण और नंद घर आनंद भयो के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री खजान दास और रायपुर विधायक उमेश शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त आलोक पांडेय और प्रसिद्ध भजन गायक परसुराम ने कार्यक्रम में शिरकत की। कैबिनेट मंत्री ने कॉलोनीवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। नगर आयुक्त ने भी आयोजन और कॉलोनी की स्वच्छता एवं एकजुटता की सराहना की।

शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयकारों के बीच श्रद्धालु झांकी को मंदिर तक लेकर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद बाल गोपाल को मुख्य पंडाल में लाया गया।

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

नित्यांगन अकादमी के बच्चों ने कृष्ण लीलाओं पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मुख्य अतिथियों ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

भजनों से देर रात तक कृष्णमय रहा वातावरण

प्रसिद्ध भजन गायक परसुराम ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत भजन पर पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। कॉलोनी की महिला कीर्तन मंडलियों ने भी भजन-कीर्तन में विशेष सहयोग दिया। महिलाओं की प्रस्तुतियों के साथ देर रात 12 बजे तक भजन-कीर्तन चलता रहा।

महोत्सव में द्रोण वाटिका सोसायटी के अध्यक्ष, सचिव सहित सभी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी परिवार सहित मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में कॉलोनीवासियों के आर्थिक और सामाजिक सहयोग के साथ स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अंत में समिति ने आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं, दानदाताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष के साथ हुआ।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News