हरिद्वार : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हरिद्वार में कुंभ कार्यो के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते उनकी जुबान एक बार फिर से फिसल गई। उन्होंने कह दिया कि बनारस में भी कुंभ आयोजित किया जाता है। तीरथ सिंह रावत हरिद्वार में कुंभ होने की बात कहते-कहते ये भी बोल गए कि कुंभ बनारस में होता है और उज्जैन में होता है।
दरअसल, मुख्यमंत्री रावत मंगलवार को कुंभ क्षेत्र में सिंचाई, गृह विभाग, परिवहन निगम आदि की विभिन्न योजनाओं के कुल 31 कार्यों का लोकार्पण करने के लिए हरिद्वार आये थे। यहां वह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, तभी उनकी जुबान फिसल गई। तीरथ रावत ने जोर देते हुए कहा, “मैंने जैसे कहा कि महाकुंभ 12 साल में आता है हर साल नहीं आता है। मेले जगह-जगह होते हैं, कहीं भी हो सकते हैं लेकिन कुंभ हरिद्वार में ही होता है 12 साल में होता है। बनारस में होता है, उज्जैन में होता है। इसीलिए यह भव्य दिव्य होना चाहिए।” बता दें कि सही मायने में कुंभ हरिद्वार, उज्जैन, प्रयागराज और नासिक में होता है।
उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद से ही तीरथ सिंह रावत अपने बयानों के कारण लगातार सुर्खियों में बने हुए है। उनके विवादित बयान जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है। तो वहीं, सीएम तीरथ सिंह रावत के बयानों पर सड़क से लेकर संसद कर देशभर में सियासत गरमा गई है। तीरथ के एक दो नहीं कई विवादित बयान वायरल हो चुके हैं जिनकी पूरा देश आलोचना कर रहा है। यहाँ तक की तीरथ सिंह रावत को विवादित मुख्यमंत्री तक का लकब मिल चुका है हालांकि चौतरफा राजनीतिक दलों और नेत्री अभिनेत्रियों की निंदा के बाद के बाद सीएम माफी मांग चुके हैं। आइये आपको अवगत कराते हैं सीएम के विवादित बयानों से।

सीएम बनने के बाद तीरथ सिंह रावत दे चुके हैं ये विवादित बयान
जब समय था, तब तो आपने दो बच्चे पैदा किये
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि जिसके घर में दो बच्चे थे, उन्हें 10 किलो राशन मिला, जिसके घर 10 थे, उन्हें एक क्विंटल मिला। इसमें जलन कैसी है। जब समय था, तब तो आपने दो ही पैदे किये, तो फिर अब जलन क्यों कर रहे हो। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रामनगर में अंतर्राष्ट्रीय वानिकी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लाॅकडाउन के दौरान सरकार द्वारा बांटे गये अनाज को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि जिसके घर में दो यूनिट थी, तो 10 किलो राशन मिला। जिसके घर में 10 सदस्य थे, उन्हें 50 किलोग्राम राशन मिला। इसमें जलन की क्या बात है। जब समय था, तब तो आपने दो पैदा किये। अब इसमें जलन क्यों कर रहे हो। उन्होंने कहा कि जिनके घर पर ज्यादा सदस्य थे, उन्हें ज्यादा सरकारी सुविधा मिली।
भारत को ब्रिटेन की जगह अमेरिका का बता दिया गुलाम
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रावत ने भारत को ब्रिटेन की जगह अमेरिका का गुलाम बता दिया और कहा कि कोविड-19 ने उसकी शक्ति को भी कम कर दी। उन्होंने कहा कि जहां हम 200 साल तक अमेरिका के गुलाम थे, पूरे विश्व के अंदर उसका राज था। कभी सूरज छिपता नहीं था, यह कहते थे, लेकिन आज के समय में वह भी डोल गया, बोल गया। राव ने कहा कि वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता के कारण 130- 135 करोड़ की आबादी वाला देश भारत आज भी अन्य देशों की अपेक्षा राहत महसूस करता है।
‘राम और कृष्ण की तरह पूजे जाएंगे पीएम मोदी‘
तीरथ सिंह रावत ने एक कार्यक्रम में पीएम मोदी की तुलना भगवान राम और कृष्ण की है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। तीरथ सिंह रावत हरिद्वार में हंस फाउंडेशन द्वारा आयोजित नेत्र कुम्भ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ये बात कही। सीएम तीरथ सिंह रावत ने कहा कि, “पहले के समय में, भगवान राम ने समाज के लिए अच्छा काम किया था और इसलिए लोग उन्हें भगवान मानने लगे थे, इसी तरह भविष्य हमारे प्यारे प्रधानमंत्री के साथ भी ऐसा ही होगा। द्वापर और त्रेता में राम कृष्ण हुए हैं। राम ने भी यही समाज का काम किया था इसलिए भगवान मानने लग गए। आने वाले समय में हम नरेंद्र मोदी को भी उसी रूप में मानने लगेंगे। वह काम प्रधानमंत्री इस देश के अंदर कर रहे हैं।”
“यूनिवर्सिटी में पढ़ने आये हो, और अपना बदन दिखा रहे हो,
तीरथ के विवादित बयानो के बीच एक और वीडियो वायरल हुआ जिसमे वे अपने कॉलेज के समय किस्सा सुना रहे हैं। इसमें वे लड़कियों के शॉर्ट्स पहनने को लेकर सवाल खड़े करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर ये वीडियो भी वायरल हो गया है। इसमें तीरथ कहते हैं, ‘मैं श्रीनगर में पढ़ता था, एक चंडीगढ़ से लड़की आई। वो हमारे यहां की थी लेकिन चंडीगढ़ से आई थी। आप क्या कहते हैं उसे कट…।’ तीरथ सिंह रावत आगे कहते हैं, ‘उसका कुछ दिन ऐसा मजाक बना, सभी लड़के उसके पीछे भाग रहे थे। यूनिवर्सिटी में पढ़ने आए हो, क्यों बदन दिखा रहे हो..क्या होगा। “यूनिवर्सिटी में पढ़ने आये हो, और अपना बदन दिखा रहे हो, क्या होगा इस देश का ”
‘फटी जींस‘ पर बयान से मचा बवाल
दरअसल, मंगलवार (16 मार्च) को एक कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत फटी जींस पहनने वाली महिलाओं के संस्कार पर उठाया सवाल थे। उन्होंने कहा, ‘मैं पिछले दिनों एक कार्यक्रम के लिए बाहर गया था और आते समय जब जहाज में बैठा तो मेरे पड़ोस में एक बहनजी बैठी थीं। जब मैंने उनकी तरफ देखा तो नीचे गमबूट थे, जब और ऊपर देखा तो घुटने फटे थे…हाथ देखे तो कई कड़े थे। उनके साथ दो बच्चे थे। मैंने पूछा, बहनजी कहां जाना है, बोलीं- दिल्ली जाना है। मैंने पूछा हसबैंड कहां है, बोलीं- जेएनयू में प्रोफेसर हैं। मैंने पूछा- आप क्या करती हैं, बोलीं- मैं एनजीओ चलाती हूं। एनजीओ चलाती हैं, घुटने फटे दिखते हैं, समाज के बीच में जाती हो, बच्चे साथ में हैं, क्या संस्कार दोगी?’