Skip to main content

Nirbhik Nazar

शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान भाजपा में शामिल…

देहरादून। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तराखंड भाजपा ने शिक्षक और युवा वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। उत्तराखंड शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में शिक्षकों और युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि शिक्षक और बुद्धिजीवी वर्ग समाज को दिशा देने का काम करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शिक्षक नेताओं के शामिल होने से उनके अनुभव और सामाजिक प्रभाव का लाभ संगठन को मिलेगा। नए सदस्यों से अपने क्षेत्रों में युवाओं तक भाजपा की विचारधारा और सरकार के विकास कार्यों को पहुंचाने का आह्वान भी किया गया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि कनेक्टिविटी, दूरसंचार, प्रति व्यक्ति आय, सकल घरेलू उत्पाद और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

कार्यक्रम में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि शिक्षकों का समाज पर व्यापक प्रभाव है। उनके माध्यम से भाजपा के संदेश और विकास के दृष्टिकोण को युवाओं तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

भाजपा में शामिल हुए राम सिंह चौहान ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद देश और समाज में हो रहे घटनाक्रमों ने उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व तथा सांस्कृतिक राष्ट्रवादी सोच को भाजपा से जुड़ने का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका पूरी क्षमता से निर्वहन करेंगे।

राम सिंह चौहान के साथ महेंद्र पाल सिंह, धर्मवीर सिंह परमार, शैलेंद्र सिंह नेगी, ज्ञानदीप धवन, जयदीप परमार, अनुराधा सिंह, सोनाली चौहान, अभिषेक, अदिति रावत, बबली नेगी, गीता चौहान, गौरी रावत, शैलेश चौहान, गोपाल, आलोक रावत, परमवीर बिष्ट, उषा रावत, अंकित पांडे, अमन पांडे, शुभम चमोली, शुभम चौहान, ऐश्वर्या राणा, अपूर्व वशिष्ठ, अनमोल शर्मा और हिमांशु सजवान समेत कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। कार्यक्रम में सरकार में दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News