देहरादून। प्रदेश में बिना मान्यता और निर्धारित शैक्षणिक मानकों के संचालित मदरसों के खिलाफ धामी सरकार की कार्रवाई जारी है। देहरादून और हल्द्वानी में पांच बिना मान्यता संचालित मदरसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराया गया है।
अल्पसंख्यक मामलों के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते के अनुसार, देहरादून में तीन मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा जामिया-तुस-सलाम अल-इस्लामिया को सील किया गया, जबकि मदरसा दार-ए-अरकम और मदरसा दारूल उलूम रहीमिया के प्रबंधकों ने संचालन बंद करने की लिखित सहमति दी।
वहीं, हल्द्वानी के शनि बाजार रोड, गौजाजाली उत्तर स्थित मदरसा जामिया नूरिया बरकाते आमिना और इंदिरा नगर, बनभूलपुरा स्थित एक अन्य बिना मान्यता प्राप्त मदरसे को भी सील किया गया। संबंधित प्रबंधकों को मान्यता से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित दस्तावेज नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सरकार के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 17 मदरसे सील किए जा चुके हैं, जबकि तीन मदरसों के प्रबंधकों ने स्वयं संचालन बंद करने की लिखित सूचना दी है। इस तरह अब तक 20 बिना मान्यता संचालित मदरसों का संचालन बंद कराया जा चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में किसी भी शिक्षण संस्थान का संचालन निर्धारित नियमों और मान्यता के बिना न हो। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।