Skip to main content

Nirbhik Nazar

खड़गे के कथित अपमान से लेकर पेपर लीक और महिला अपराध तक, कांग्रेस का BJP सरकार पर जोरदार हमला

देहरादून: कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान, बढ़ते महिला अपराध, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, किसानों के उत्पीड़न और जमीनों की कथित अनैतिक नीलामी के मुद्दे पर सोमवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोला। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। हाथों में तख्तियां, बैनर और पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विभिन्न मुद्दों पर जवाब मांगा।

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि देश के वरिष्ठ दलित नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उनके प्रति किसी भी प्रकार का अपमान लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिला अपराध लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं और भाजपा सरकार महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने में विफल रही है। कांग्रेस ने महिला अपराधों में प्रभावी कार्रवाई, पीड़ितों को न्याय और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं ने हजारों युवाओं के भविष्य और सपनों को प्रभावित किया है। कार्यकर्ताओं ने ‘नौकरियां बेचना बंद करो, युवाओं को रोजगार दो’ के नारे लगाते हुए सभी भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और कथित भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच की मांग की।

किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस ने कहा कि महंगाई, बढ़ती लागत और बाजार की समस्याओं से जूझ रहे किसानों के सामने उत्पीड़न की शिकायतें गंभीर हैं। पार्टी ने किसानों को न्याय, उचित मुआवजा और समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग उठाई। वहीं, जमीनों की कथित अनैतिक एवं संदिग्ध नीलामी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जमीन और प्राकृतिक संसाधन जनता की धरोहर हैं।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। पार्टी ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों की आवाज सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाई जाती रहेगी।

इस दौरान पूर्व मेयर रुड़की यशपाल राणा समेत भुवनेश खर्कवाल, मनोज सैनी, रविन्द्र आनंद, रामकुमार वालिया और अधिवक्ता सचिन कुमार ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News