हल्द्वानी: आपदा प्रबंधन व सहकारिता राज्य मंत्री मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में जल्द आपदा शोध संस्थान खोला जाएगा। आपदा के लिए टोल फ्री नंबर 1070 जारी कर दिया गया है। जिसमें 24 घंटे आपदा संबंधी सूचनाओं का आदान-प्रदान होगा। पिथौरागढ़ व गौचर में दो हेलीकाप्टर आपातकालीन स्थिति के लिए रखे जाएंगे। पर्वतीय क्षेत्रों के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में आपदा यूनिट स्थापित की जाएगी। इन यूनिटों में स्थानीय व्यक्ति को रखा जाएगा।
राज्य मंत्री ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में जिले के अफसरों की बैठक ली। कहा कि सभी विभाग मानसून सीजन से पहले अपनी तैयारियां पूरी कर लें। डीएम धीरज सिंह गब्र्याल को पर्वतीय आपदाग्रस्त क्षेत्रों में टोल फ्री नंबर व आपदा अधिकारी का नाम लिखे होर्डिंग लगवाने के निर्देश दिए गए, जिससे आपदा के समय लोग तत्काल सूचित कर सकें। मंत्री ने मुख्य कृषि अधिकारी डा. धनपत कुमार को जिले के सूखाग्रस्त क्षेत्रों का सर्वे करने, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भगीरथी जोशी से पर्वतीय क्षेत्रों के पीएससी व सीएससी के लिए अल्ट्रासाउंड मशीन, बेड, उपकरण आदि क्रय करने को कहा।

डा. धन सिंह रावत ने कहा कि जंगलों में लगी आग को लेकर सरकार संजीदा है। केंद्र सरकार से कुमाऊं व गढ़वाल मंडल के जनपदों मे आग बुझाने के लिए एक-एक हेलीकॉप्टर मिला है। कुमाऊं मंडल में विजिबिलिटी कम होने से हेलीकॉप्टर से आग बुझाने का काम शुरू नहीं हो सका है। स्थिति सामान्य होते ही हेलीकॉप्टर से जंगलों में पानी डालकर आग बुझाई जाएगी। गढ़वाल मंडल में हेलीकॉप्टर से आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया है।
विधायक नवीन दुम्का, एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी, सीडीओ नरेंद्र सिह भंडारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन, एडीएम एसएस जंगपांगी, सीईओ केके गुप्ता, डीएफओ टीआर बीजूलाल, एसडीएम विवेक राय, अनुराग आर्य, ऋचा सिंह, एसई लोनिवि अशोक कुमार, एसई जलसंस्थान विशाल सक्सेना, उद्यान अधिकारी भावना जोशी आदि शामिल रहे।