Skip to main content

Nirbhik Nazar

कुंभ-2027 की तैयारियों का मुख्य सचिव ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिये काम में तेजी के निर्देश, कहा – गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता

हरिद्वार: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को परखने के लिए मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्य सचिव अधिकारियों के साथ रोड़ी-बेलवाला से रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर टावर तक पहुंचे और मौके पर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेला से जुड़े सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थलीय निगरानी करने के साथ ही निर्माण में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र की प्रशासनिक मार्ग परियोजना और हरकी पैड़ी क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया गया। मुख्य सचिव ने हाथीपुल से अलकनंदा के बीच घाटों के पुनर्निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग और चेन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ऋषिकुल क्षेत्र में सड़क नवीनीकरण कार्य, शिवमूर्ति चौक, शंकर आश्रम चौक और भगत सिंह चौक से विल्केश्वर तक चौराहों के सुधार तथा पैदल मार्ग निर्माण का भी निरीक्षण किया। रोशनाबाद में निर्माणाधीन औषधि भंडार और दक्षद्वीप-बैरागी क्षेत्र में बन रहे 60 मीटर लंबे पुल की प्रगति की भी जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने सीसीआर-2 भवन का निरीक्षण करते हुए कुंभ शुरू होने से पहले भवन निर्माण पूरा करने के लिए कार्य में तेजी लाने और आवश्यकता पड़ने पर दिन-रात काम कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद डाम कोठी में कुंभ मेला और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों और अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त मानव संसाधन और मशीनरी लगाकर निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सड़क, पुल, पैदल मार्ग, पेयजल, स्वास्थ्य, पार्किंग और अन्य सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं। भीड़ प्रबंधन, यातायात, वैकल्पिक मार्गों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ की सफलता के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ काम करना होगा, ताकि श्रद्धालु हरिद्वार से सुरक्षित, सुगम और बेहतर अनुभव लेकर लौटें।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News